मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) के सेंटर फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड डेवलपमेंट (सीटीएलडी) की ओर से आयोजित विशेष मॉक रिक्रूटमेंट ड्राइव ‘सामर्थ्य बोध 4.0’ में 25 छात्रों को मॉक ऑफर लेटर प्रदान किए गए। चयनित छात्रों में 5 को 10 लाख रुपये वार्षिक पैकेज, 8 को 6 लाख और 12 छात्रों को 4 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर मॉक चयन मिला।
इस ड्राइव के पहले चरण में आयोजित लिखित परीक्षा में एप्टीट्यूड, रीजनिंग, वर्बल एबिलिटी, आईसीटी स्किल्स और तकनीकी विषयों से जुड़े प्रश्न शामिल थे। परीक्षा में 265 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से 77 छात्र ग्रुप डिस्कशन के लिए चयनित हुए। ग्रुप डिस्कशन में 50 छात्रों ने सफलता हासिल कर तकनीकी और एचआर इंटरव्यू के लिए जगह बनाई। अंतिम चरण में गहन मूल्यांकन के बाद 25 छात्रों को मॉक जॉब ऑफर लेटर दिए गए।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ टीएमयू की डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उनके साथ सीटीएलडी के निदेशक प्रो. पंकज कुमार सिंह और लिटवर्क, हैदराबाद के निदेशक विनय सिंह भी मौजूद रहे।
प्रो. मंजुला जैन ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि कौशल विकास भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने साक्षात्कार कौशल और पेशेवर संवाद को करियर निर्माण में अहम बताया।
वहीं, विनय सिंह ने छात्रों को उद्योग की अपेक्षाओं, इंटरव्यू रणनीतियों और रोजगार कौशलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता के लिए स्किल्स, सही दृष्टिकोण और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति जरूरी है।
फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग के डीन प्रो. आर.के. द्विवेदी ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों को इंडस्ट्री के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सीटीएलडी के निदेशक प्रो. पंकज कुमार सिंह ने इसे छात्रों के कौशल विकास के लिए एक प्रभावी मंच बताया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अनंत भारद्वाज सहित कई प्रशिक्षक मौजूद रहे।



