Ad image

यूटीयू पेपर लीक मामला: दोषी सहायक प्रोफेसर बर्खास्त, अब दर्ज होगी एफआईआर

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के बहुचर्चित पेपर लीक मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोषी पाए गए सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विश्वविद्यालय अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में जुट गया है।

शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के निदेशक प्रो. टी.एस. सिद्धू ने बताया कि मामला सामने आते ही संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और उनका वार्षिक इंक्रीमेंट भी रोक दिया गया था। संस्थान और विश्वविद्यालय की संयुक्त जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं।

यूटीयू की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने बताया कि मामले में कानूनी राय ली जा रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही, उन्हें आगामी सात वर्षों तक विश्वविद्यालय की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सहायक प्रोफेसर ने ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ तथा ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले विश्वविद्यालय के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाए थे। मामले की पुष्टि होने के बाद दोनों परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इन परीक्षाओं का पुनः आयोजन अगस्त के तीसरे सप्ताह में कराया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पेपर लीक प्रकरण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment