Ad image

जिलाधिकारी ने कसी नशा तस्करों पर नकेल,अवैध खेती और नशाखोरी के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में सोमवार को एनकोर्ड जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने जनपद में बढ़ती नशाखोरी और अफीम, चरस-गांजा जैसी अवैध खेती पर अंकुश लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वन और राजस्व विभाग को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों का उत्पादन करने वालों के खिलाफ संयुक्त छापेमारी की जाए।शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में नियमित मेडिकल चेकअप और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाए।

नशा मुक्त जनपद की ओर कदम,अब टोल फ्री 1933 पर दें अवैध नशे की सूचना, नशे छोड़ने के लिए जिला अस्पताल में मिलेगी काउंसलिंग।

बैठक में बताया गया कि नशे के प्रभावी रोकथाम,परामर्श और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 जारी किया गया है।साथ ही नशे को छोड़ने के लिए जिला अस्पताल में विशेषज्ञ मनोचिकित्सक एवं परामर्श के लिए काउंसलर को भी तैनात किया गया है।

जिलाधिकारी ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को स्कूलों में भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपील की है कि यदि कोई परिवार या व्यक्ति नशे की चपेट में है,तो वे डरे नहीं बल्कि सरकारी सहायता और परामर्श का लाभ उठाए।

बैठक में एसडीएम देवानंद शर्मा,जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली,एसीएमओ डॉ.वीरेंद्र पांगती, ड्रग्स इंस्पेक्टर मोहम्मद ताजिम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment