देहरादून: भगोड़े बिल्डर दीपक मित्तल की पत्नी राखी मित्तल को दुबई में इंटरपोल ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे दुबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इसकी सूचना दून पुलिस को दे दी गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन ने बताया कि दून पुलिस ने राखी मित्तल को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हालांकि, मुख्य आरोपी दीपक मित्तल अब भी फरार है। माना जा रहा है कि वह भी जल्द इंटरपोल के शिकंजे में आ सकता है या पत्नी की गिरफ्तारी के बाद सरेंडर कर सकता है।
दीपक मित्तल और राखी मित्तल पुष्पांजलि इंफ्राटेक कंपनी के निदेशक थे। उन्होंने पार्टनर राजपाल वालिया के साथ सहस्रधारा रोड स्थित ‘ऑर्किड पार्क’ ग्रुप हाउसिंग परियोजना शुरू की थी।
वर्ष 2020 में यह दंपती अपने बेटे रुद्राक्ष और बेटी दीया के साथ करीब 90 फ्लैट खरीदारों से 45 करोड़ रुपये से अधिक की रकम लेकर फरार हो गया था। इस मामले में खरीदारों ने नौ मुकदमे दर्ज कराए हैं।
पुलिस लंबे समय से दोनों की तलाश कर रही थी। पहले इनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था, जिसे बाद में रेड कॉर्नर नोटिस में बदल दिया गया। इसके बाद इंटरपोल ने कार्रवाई करते हुए राखी मित्तल को गिरफ्तार किया।
मामले में एसटीएफ और ईडी भी कार्रवाई कर चुके हैं। एसटीएफ ने दीपक मित्तल के फरार होने के बाद उसके पिता अश्वनी मित्तल को गिरफ्तार किया था। वहीं, ईडी ने ‘ऑर्किड पार्क’ परियोजना और कुछ फ्लैट्स को अटैच कर लिया है।
बताया गया कि बिल्डर दंपती के फरार होने के बाद पंजाब नेशनल बैंक की इंदिरा नगर शाखा से लिया गया 21 करोड़ रुपये का ऋण भी एनपीए हो गया था।



