Ad image

पुरानी रंजिश में कार सवार युवकों पर हमला, लाठी-डंडों व चाकू से वार; तीन की हालत गंभीर

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून: कोतवाली सहसपुर क्षेत्र में शीतला नदी पुल के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि घात लगाकर बैठे छह लोगों ने कार सवार युवकों पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित पक्ष की ओर से छह आरोपितों के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पुलिस को दी तहरीर में लूनीया मोहल्ला निवासी दीपक कुमार ने बताया कि 26 अप्रैल को उसका भाई मनीष अपने दोस्तों दीपक सिंह और राहुल के साथ विकासनगर स्थित अपने मित्र शिवम थापा के घर पार्टी में गया था। रविवार सुबह पार्टी के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे।

आरोप है कि लांघा रोड स्थित शीतला नदी पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे मंजीत निवासी कोर्ट रोड विकासनगर, उसका भतीजा गगन, पीयूष निवासी पांवटा साहिब, कुनाल निवासी हरबर्टपुर, विक्की निवासी गौदपुर पांवटा साहिब और मिट्ठू उर्फ मिथुन निवासी बाल्मीकि बस्ती पांवटा साहिब ने उनकी कार को रोक लिया। इसके बाद आरोपितों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले के दौरान मनीष की आंख में मिर्च डाल दी गई, जबकि राहुल के सिर पर चाकू से वार किया गया।

घटना में मनीष, दीपक सिंह और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

तहरीर में यह भी बताया गया कि आरोपितों से पुरानी रंजिश चल रही थी। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले भी आरोपितों ने डोईवाला तक उनका पीछा कर वीडियो बनाया था और लगातार धमकियां दे रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment