Ad image

कार में मिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव, संदिग्ध हालात में मौत; जांच जारी

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

ऋषिकेश: हरिद्वार बाईपास मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी कार से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की एक कार रविवार सुबह से ही टीएचडीसी गेट के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी, जिसकी पार्किंग लाइट भी लंबे समय तक जलती रही। सोमवार देर शाम स्थानीय लोगों ने कार में एक व्यक्ति को बेसुध हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। कार के आसपास दुर्गंध भी आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान विनीत डोभाल निवासी श्यामपुर बैटरी फार्म के रूप में हुई है। सूचना पर उसके पिता राजेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि विनीत रविवार सुबह घर से ऋषिकेश जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन भी बंद था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में विनीत अकेले घर से निकलते हुए दिखाई दिया है। कार के अंदर ड्राइविंग सीट के पास ही उसका शव मिला।

जांच अधिकारी एएसआई योगेंद्र दत्त ने बताया कि मृतक कुछ समय से घर पर ही रह रहा था। वाहन का नंबर नोएडा का है। फिलहाल स्वजन कुछ ज्यादा जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment