Ad image

टायर फटने से अनियंत्रित होकर कई वाहनों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

ऋषिकेश: देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के समीप बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की कार अचानक अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और विपरीत दिशा से आ रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार देहरादून की ओर से ऋषिकेश की तरफ आ रही थी। जैसे ही वाहन काली मंदिर के पास पहुंचा, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी लेन में घुस गई। इस दौरान सामने से आ रही राजस्थान नंबर की कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। इसके पीछे चल रही दो अन्य कारें भी इस हादसे की चपेट में आ गईं।

टक्कर इतनी तेज थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान एक स्कूटी सवार भी वहां से गुजर रहा था, जो बाल-बाल बच गया। हादसे में राजस्थान से मसूरी घूमने जा रहे पर्यटक और अन्य वाहनों में सवार दो परिवारों के सदस्य सुरक्षित बच गए। हालांकि, उत्तर प्रदेश नंबर की कार के चालक को हल्की चोटें आई हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार का टायर फटने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। प्रशासन से यहां सख्त यातायात नियंत्रण की मांग की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment