Ad image

जमीन घोटाले में कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी गिरफ्तार, फौजियों और पहाड़ी लोगों से करोड़ों की ठगी का आरोप

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून में जमीन बेचने के नाम पर पहाड़ के लोगों, खासकर फौजियों और बाहरी राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी और उसका साथी अजय सजवाण पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, पिछले साल अक्तूबर में सहस्रधारा रोड निवासी विक्रम सिंह ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जमीन खरीदने के लिए उन्होंने टिहरी गढ़वाल के सकलाना निवासी प्रदीप सकलानी, राजेंद्र नगर निवासी अभय कुमार और मालदेवता निवासी अजय सजवाण से संपर्क किया था। आरोपियों ने मालदेवता क्षेत्र की एक जमीन को अपना बताकर 30 लाख रुपये में सौदा किया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों का उस जमीन से कोई संबंध ही नहीं था। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने चेक दिए, लेकिन वे भी बाउंस हो गए। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी ने कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी, पत्रकार हेम भट्ट, अमजद खान और शौकत अली के नाम बताए। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में अमित भंडारी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में पत्रकार हेम भट्ट को हिरासत में लिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी कई तरह की चर्चाएं होती रहीं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि प्रदीप सकलानी खुद को पहाड़ी मूल का बताकर लोगों का भरोसा जीतता था। वह फौजियों और अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को देहरादून में सस्ती जमीन दिलाने का लालच देता था। इसके बाद किसी अन्य व्यक्ति की जमीन को अपनी या परिचित की बताकर मोटी रकम वसूल लेता था।

पुलिस के मुताबिक, प्रदीप सकलानी के खिलाफ पहले से 27 मुकदमे दर्ज हैं। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में ही उस पर करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीम ने शुक्रवार को प्रदीप सकलानी और अजय सजवाण को गिरफ्तार किया था, जबकि अब कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी की गिरफ्तारी के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment