देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में गंगा नदी से बरामद चारों शवों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं, जबकि तीन महिलाओं की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है।
देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि परिजनों ने मृतकों की पहचान डॉ. दिनेश पंवार (27) पुत्र लोडा राम, कमला देवी (62) पत्नी लोडा राम और अश्लेषा (22) पुत्री हरीश परिहार के रूप में की है। तीनों राजस्थान के जैसलमेर जिले स्थित दरियानाथ की बावड़ी क्षेत्र के निवासी थे। हादसे में वाहन चालक अमित गुप्ता (32) पुत्र अजय गुप्ता, निवासी लक्सर (हरिद्वार) की भी मृत्यु हुई है।
पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम श्रीनगर बेस अस्पताल में कराने के बाद उन्हें शोकाकुल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस बीच बुधवार को पुलिस, एसडीआरएफ और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गंगा की तेज धारा में डूबी इनोवा कार को क्रेन की सहायता से बाहर निकाल लिया। हालांकि वाहन के भीतर कोई शव नहीं मिला। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने दुर्घटनास्थल के आसपास गंगा में डीप डाइविंग के जरिए सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में 12 वर्षीय आयुष्मान सुरक्षित बच गया है और उसका उपचार जारी है। वहीं, वाहन में सवार गुड्डी देवी, जाह्नवी और नम्रता अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए जल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें राफ्ट की मदद से गंगा के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोजबीन कर रही हैं।
प्रशासन का कहना है कि लापता महिलाओं का पता लगाने के लिए सर्च अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी का सुराग नहीं मिल जाता।



