रुद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर परिसर के निकासी गेट पर श्रद्धालुओं के साथ कथित अभद्रता और बल प्रयोग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जांच पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी को सौंप दी गई है, जबकि संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी प्वाइंट से हटा दिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर ने बताया कि कुछ श्रद्धालु निकासी गेट से मंदिर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने के बावजूद लोग उसी मार्ग से आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे, जिससे बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।
उन्होंने कहा कि निकासी गेट के दोनों ओर भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था और किसी दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई थी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने लोगों को वहां से हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें पुलिसकर्मियों की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। घटना की जांच पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट को सौंपी गई है। जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मियों को उनके ड्यूटी प्वाइंट से हटा दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



