Ad image

पयालगांव में आंगन में घुसा गुलदार

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

नई टिहरी। विकासखंड चंबा की धार अकरिया पट्टी स्थित ग्राम पयालगांव में मंगलवार रात एक गुलदार आंगन में घुस आया और बकरियों के बीच बंधी एक भेड़ को अपना शिकार बना लिया। घटना के दौरान परिवार की महिला ने साहस दिखाते हुए भेड़ को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक गुलदार उसे गंभीर रूप से घायल कर चुका था। शोरगुल होने पर गुलदार पास की झाड़ियों में छिप गया और बाद में ग्रामीणों के पहुंचने पर जंगल की ओर भाग निकला।

ग्राम पंचायत पयालगांव की प्रधान फ्योंला देवी ने बताया कि रात करीब 10 बजे प्रकाशी लाल के घर के आंगन में बंधी बकरियों और भेड़ पर गुलदार ने हमला कर दिया। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर प्रकाशी लाल की पत्नी तुरंत आंगन में पहुंचीं और भेड़ को बचाने की कोशिश की। हालांकि, तब तक गुलदार भेड़ पर कई घाव कर चुका था।

उन्होंने बताया कि लगातार शोर होने पर गुलदार पास की झाड़ियों में छिप गया। बाद में ग्रामीण टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद गुलदार वहां से भाग निकला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते शोर न मचाया जाता तो महिला पर भी हमला हो सकता था।

प्रधान फ्योंला देवी ने बताया कि इससे पहले भी गुलदार गांव में एक कुत्ते को अपना शिकार बना चुका है और कई बार उसकी मौजूदगी देखी जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रकाशी लाल को उचित मुआवजा देने, गांव के आसपास ट्रैप कैमरे लगाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर नई टिहरी रेंज के गजा अनुभाग से वन बीट अधिकारी बलवीर पंवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

Share This Article
Leave a Comment