उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी से करीब तीन किलोमीटर आगे देर रात एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों में से दो सुरक्षित बच गए, जबकि एक युवक करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरकर लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ गंगोत्री की टीम और 108 एंबुलेंस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन लोग सवार थे, जो सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में भैरवघाटी क्षेत्र में कार्यरत हैं।
हादसे में सुरेश लामा (26), मूल निवासी नेपाल एवं वर्तमान निवासी हिमाचल प्रदेश, गहरी खाई में गिर गए और लापता हो गए। वहीं, बाइक पर सवार अन्य दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रात करीब 2:30 बजे तक लापता युवक की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन लगातार बारिश, घना अंधेरा और दुर्गम भू-भाग के कारण सफलता नहीं मिल सकी। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए रात में अभियान स्थगित कर दिया गया।
आज सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर लापता युवक की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान फिर से शुरू कर दिया है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।



