Ad image

शोकसभा से लौट रहे परिवार पर खौलते पानी से हमला

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के लोअर तुनवाला में शोकसभा से लौट रहे एक परिवार पर कथित तौर पर खौलता पानी डालकर हमला करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लोअर तुनवाला निवासी टीटू कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके साले वेद प्रकाश का 25 जून को निधन हो गया था। 27 जून की रात वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ तीजे के कार्यक्रम से लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पड़ोसी महिपाल, उसकी पत्नी सविता तथा उनके पुत्र सुमित और शिशिर ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास किया। किसी तरह परिवार वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा।

शिकायत के मुताबिक, 28 जून की सुबह जब टीटू कुमार दोबारा अपने साले के घर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने कथित तौर पर पहले से घात लगाकर उन पर खौलता पानी फेंक दिया। इसके बाद लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उनकी पत्नी माया देवी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों के पुत्र उनकी बेटियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में रहने को मजबूर है।

रायपुर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment