Ad image

इंस्टाग्राम रील बनी सबूत

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। राजधानी में इंस्टाग्राम पर बनाई गई एक रील करीब एक साल पुरानी 10 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का खुलासा करने का कारण बन गई। राजपुर थाना पुलिस ने आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन निवासी महिला के घर से चोरी हुए हीरे और सोने के आभूषणों के मामले में उनकी पूर्व घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि शायद उन्होंने गहने कहीं अन्यत्र रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।

मामले ने उस समय नया मोड़ लिया, जब कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला (34) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे का हार पहनकर रील और तस्वीरें साझा की हैं। जब नितिशा ने रील देखी तो उसमें दिखाई दे रहा हार उनका ही निकला। इसके बाद उन्होंने तत्काल राजपुर थाना पुलिस को सूचना दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड क्षेत्र से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। इस दौरान उसने कई बार घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण देखे, जिसके बाद उसके मन में चोरी करने का लालच आ गया। मौका मिलते ही उसने लॉकर से आभूषण चुरा लिए।

आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी के बाद उसने अपनी मालकिन को यह विश्वास दिलाया कि संभवतः उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे। महंगे हीरे के आभूषण होने के कारण वह उन्हें बेच नहीं सकी और लगातार खरीदार की तलाश में थी। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर चोरी का हार पहनकर रील बना दी, जो उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत साबित हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए सभी बरामद आभूषण जब्त कर लिए हैं। मामले का सफल खुलासा करने वाली राजपुर थाना पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Share This Article
Leave a Comment