देहरादून। जिला कलक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा का घेराव करते हुए भटवाड़ी क्षेत्र की लंबित मांगों और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की अनदेखी को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, ऑल वेदर रोड के चौड़ीकरण सहित विभिन्न जनहित की मांगों को लेकर स्थानीय लोग पिछले 10 दिनों से धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक सरकार का कोई मंत्री या प्रतिनिधि उनकी समस्याएं सुनने नहीं पहुंचा। इसे जनता के साथ अन्याय और लोकतांत्रिक आवाज़ की उपेक्षा बताया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने धारली क्षेत्र में आई आपदा के बाद सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और मंत्री केवल हवाई सर्वे तक सीमित हैं, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनहित के बजाय केवल प्रचार पर ध्यान दे रही है और आपदा प्रभावित लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि भटवाड़ी की लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की अनदेखी जारी रही, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।



