देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के फिर सक्रिय होते ही राजधानी देहरादून में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। नंदा की चौकी के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से हाल ही में निर्मित नया पुल पहली ही तेज मानसूनी बारिश नहीं झेल सका। पुल का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिसके चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पुल पर वाहनों की आवाजाही तत्काल रोक दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में तैयार हुए पुल का इस तरह क्षतिग्रस्त होना निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन की ओर से मौके का निरीक्षण कर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की जा रही है।
उधर, देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड के पास भारी जलभराव के कारण वाहन चालकों को घंटों जाम और परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा।
प्रदेश के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तराखंड में मानसून के और सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
2 अगस्त तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 2 अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं।



