टिहरी। जनपद के जाखणीधार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की हत्या का आरोप उसके मानसिक रूप से बीमार पुत्र पर लगाया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात की है। बुधवार सुबह जब काफी देर तक महिला के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों और ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने कमरे के भीतर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैराड़ी भेज दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, महिला के मानसिक रूप से बीमार पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



