Ad image

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लाख की ठगी

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून।

विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने देहरादून स्थित त्रिदेव ओवरसीज टैलेंट कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक की शिकायत पर दुबई और केरल से संचालित तीन कंपनियों तथा उनके अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में कंपनी के निदेशक सोनम नैथानी ने बताया कि आरोपितों ने खुद को अंतरराष्ट्रीय भर्ती नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए चेक रिपब्लिक और स्लोवाकिया में 45 अभ्यर्थियों को रोजगार दिलाने का दावा किया था। उनके झांसे में आकर मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान दो किश्तों में कुल आठ लाख रुपये जॉबस्टार्स एचआर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि तय समय सीमा बीतने के बावजूद किसी भी अभ्यर्थी को नौकरी नहीं मिली। साथ ही विदेशी नियोक्ताओं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराया गया। रकम वापस मांगने पर आरोपित एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे और लगातार टालमटोल करते रहे।

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित कंपनियों और उनके अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment