Ad image

बारिश बनी काल: खुली नाली में बहीं दो मासूम बहनें

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। मूसलाधार बारिश के बीच खुली नाली में तेज बहाव दो मासूम बहनों के लिए काल बन गया। नई बस्ती में खेलते समय छोटी बहन तेज बहाव में बह गई। उसे बचाने के लिए बड़ी बहन भी नाली में कूद गई, लेकिन पानी का तेज बहाव दोनों को बहाकर ले गया। बाद में दोनों बहनों के शव रैंप के नीचे पाइपनुमा संरचना में फंसे मिले। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बहनें मंदिर के सामने बारिश के दौरान खेल रही थीं। इसी बीच छोटी बहन सोनाक्षी खेलते-खेलते खुली नाली के पास पहुंच गई और तेज बहाव की चपेट में आ गई। बहन को बहता देख बड़ी बहन लक्ष्मी बिना किसी परवाह के उसे बचाने के लिए नाली में उतर गई। हालांकि, पानी का बहाव इतना तेज था कि वह भी अपना संतुलन नहीं बना सकी और दोनों बहनें बह गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस नाली में हादसा हुआ, वहां काफी तीखी ढलान है। बारिश के दौरान यहां पानी अत्यधिक वेग से बहता है। नाली के किनारों पर फिसलन होने के कारण बच्चियां खुद को संभाल नहीं सकीं और तेज बहाव के साथ बहती चली गईं।

दोनों बहनें बहते हुए नाली के ऊपर बने रैंप के नीचे पहुंच गईं, जहां वे पाइपनुमा संरचना में फंस गईं। पानी का स्तर कम होने के बाद स्थानीय लोगों ने रैंप के नीचे देखा तो घर में पानी की आपूर्ति के लिए बिछे पाइप और उसमें फंसा एक पत्थर दिखाई दिया। इसी स्थान पर दोनों मासूम बच्चियां फंसी मिलीं। उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। कुछ देर पहले तक बारिश में खेल रही दोनों बच्चियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।

यह हादसा एक बार फिर बरसात के दौरान खुली नालियों और जल निकासी व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment