मसूरी। लंढौर क्षेत्र के अंडाखेत के नीचे स्थित एक धार्मिक संरचना को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संरचना स्थल से काफी पहले ही रोक दिया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने बताया कि कब्रिस्तान समिति लंढौर को संरचना से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, समिति की ओर से कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
उन्होंने बताया कि लंढौर कैंट बोर्ड, वन विभाग और वक्फ बोर्ड की ओर से भी मौके का निरीक्षण किया गया। संबंधित विभागों ने स्पष्ट किया कि उक्त संपत्ति उनके स्वामित्व में नहीं है। वक्फ बोर्ड ने भी इसे अपनी संपत्ति नहीं माना।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के अनुसार, संबंधित भूमि नगर पालिका क्षेत्र में आती है और यह नगर पालिका अथवा सरकार की संपत्ति है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पूरी विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
वहीं, मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना है कि उक्त संपत्ति पर करीब 200 वर्षों से उनका कब्जा है और इसके समीप कब्रिस्तान भी स्थित है। समुदाय ने प्रशासन की कार्रवाई पर विरोध जताते हुए संरचना को हटाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई।



