उत्तरकाशी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तरकाशी में आयोजित 46वीं श्री शिवमहापुराण कथा के तृतीय दिवस कथा से पूर्व प्रतिभा प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अल्पाइन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शंख वादन, भक्ति गायन और श्लोक गायन की प्रस्तुतियां दीं। काशी विश्वनाथ गुरुकुलम के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
अल्पाइन पब्लिक स्कूल से शंख वादन में विराज और आशुतोष ने प्रतिभाग किया। वहीं भक्ति गायन में इशिका राणा और इशिका बनूनी तथा श्लोक गायन में राधिका और कनिका ने प्रस्तुति दी। काशी विश्वनाथ गुरुकुलम के सक्षम नेगी और प्रियांशु डंगवाल ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसके बाद कथा व्यास डॉ. पंकज सेमवाल ने शिवमहापुराण कथा का वाचन किया। उन्होंने श्रावण मास में भगवान शिव के अभिषेक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए दूध और दही से बाबा के अभिषेक के धार्मिक महत्व के बारे में श्रद्धालुओं को बताया। कथा के यजमान वीरेंद्र जोशी और उनका परिवार रहा। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में महंत राघवानंद जी उपस्थित रहे।
2 से 12 अगस्त तक चलेगी कथा
महंत जयेंद्र पुरी के मार्गदर्शन में आयोजित यह श्री शिवमहापुराण कथा इस वर्ष अपनी 46वीं आवृत्ति में पहुंची है। कथा का आयोजन 2 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में बनाए गए पंडाल में किया जा रहा है। प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक कथा का आयोजन होगा।
कथा का दैनिक लाइव प्रसारण श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तरकाशी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब और फेसबुक पर किया जा रहा है। आयोजन से जुड़े अन्य अपडेट भी मंदिर के विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में महंत अजय पुरी, राघवेंद्र उनियाल, हेमराज बनूनी, कुशाल पंवार, शकुंतला गुसाईं, रमेश चौहान, गोपाल रावत, जितेंद्र पंवार, संजय अरोड़ा, मोहन डबराल, अर्चना रतूड़ी, प्रेमा चंदोक, गीता कश्यप, वंश राणा, सौरव बिष्ट, आयुष कोटनाला और कैलाश प्रजापति समेत कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।



