Ad image

सुकरी के ग्रामीणों ने बढ़ाया मदद का हाथ

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

उत्तरकाशी। सऊदी अरब में सड़क हादसे के बाद कानूनी मामले में फंसे गौशाला निवासी दीपिका नौटियाल के पिता की स्वदेश वापसी के लिए ग्राम पंचायत सुकरी के ग्रामीणों ने मदद का हाथ बढ़ाया है। ग्राम प्रधान ममता कुड़ियाल की पहल और ग्रामीणों के सहयोग से अब तक करीब 80 हजार रुपये की राशि जुटाई जा चुकी है। एकत्रित धनराशि दीपिका के परिवार को सौंप दी गई है।

ग्राम पंचायत सुकरी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधान ममता कुड़ियाल और उनके पति व समाजसेवी विकास कुड़ियाल ने ग्रामीणों से दीपिका के परिवार की आर्थिक मदद के लिए सहयोग की अपील की। इसके बाद पंचायत के लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग देना शुरू किया। कुछ ही दिनों में करीब 80 हजार रुपये की राशि एकत्रित हो गई।

बताया गया कि दीपिका के पिता सऊदी अरब में एक सड़क हादसे के बाद कानूनी मामले में फंस गए थे। मामले में उन्हें एक वर्ष की सजा सुनाई गई है और करीब 3.45 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माने की राशि जमा कराने और उन्हें स्वदेश वापस लाने के लिए दीपिका ने लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।

बिना प्रचार-प्रसार के ग्रामीणों से जुटाई मदद

आर्थिक सहायता की इस मुहिम की खास बात यह रही कि प्रधान ममता कुड़ियाल और विकास कुड़ियाल ने इसे बिना किसी प्रचार-प्रसार के आगे बढ़ाया। न सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की गईं और न ही आत्मप्रशंसा से जुड़ी कोई पोस्ट की गई। उन्होंने चुपचाप ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। इसका असर यह हुआ कि बड़ी संख्या में ग्रामीण मदद के लिए आगे आए।

प्रधान ममता कुड़ियाल ने बताया कि ग्राम पंचायत के निवासियों की ओर से एकत्रित राशि दीपिका के परिवार को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि परिवार की मदद के लिए सहयोग का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

ममता कुड़ियाल और विकास कुड़ियाल ने आर्थिक सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में ग्रामीणों ने जिस एकजुटता, संवेदनशीलता और भाईचारे का परिचय दिया है, वह साबित करता है कि गांव केवल लोगों का समूह नहीं, बल्कि एक परिवार है।

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में फंसे व्यक्ति को सकुशल घर वापस लाने के लिए दिया गया हर छोटा-बड़ा सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि उसके परिवार की उम्मीद और हौसला भी है। ग्रामीणों की ओर से पेश की गई मानवता की यह मिसाल लंबे समय तक याद रखी जाएगी।

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान ममता कुड़ियाल के नेतृत्व और पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास से सहायता अभियान को गति मिली। ग्राम पंचायत और व्यक्तिगत स्तर पर परिवार की मदद के लिए हरसंभव सहयोग आगे भी जारी रखने की बात कही गई।

Share This Article
Leave a Comment