Ad image

स्वतंत्रता दिवस चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान प्रेमनगर पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। वहीं, उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 12-13 अगस्त की देर रात दरू चौक के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक लेकर चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर दोनों ने बाइक छोड़ दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की फायरिंग में पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रईस गोली लगने से घायल हो गया। हालांकि, उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, बिना नंबर की बाइक, चापड़, कुल्हाड़ी, दो चाकू और नायलॉन की रस्सी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, रईस प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो साल पहले हुए गोकशी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

पूछताछ में रईस ने बताया कि वह गोकशी के लिए टी-स्टेट क्षेत्र में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी करता था। पुलिस फरार आरोपी नवाब की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Share This Article
Leave a Comment