लंबगांव। विद्यालयों में पुस्तकालयों को उपयोगी और समृद्ध बनाने से विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित होने के साथ उनके ज्ञान और व्यक्तित्व का भी विकास होता है। किताबें विद्यार्थियों की सफलता की राह आसान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह बात प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज कफलोग में पुस्तकालय के लिए आलमारियां और विभिन्न विषयों की पुस्तकें भेंट करते हुए कही।
पूर्व प्रमुख रमोला ने विद्यालय को बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, उत्तराखंड वाणी, सामान्य ज्ञान, रोचक कहानियों, महान विभूतियों की जीवन गाथाओं, उत्तराखंड एवं भारत के इतिहास सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराईं। साथ ही पुस्तकों को व्यवस्थित रखने के लिए आलमारियां भी भेंट कीं।
रमोला ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए विद्यालयों के पुस्तकालयों को उपयोगी पुस्तकों से समृद्ध किया जाना जरूरी है। समृद्ध पुस्तकालय विद्यार्थियों में अध्ययन की आदत विकसित करने के साथ ही उनके ज्ञान और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने विद्यालय में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिल सकें, इसी उद्देश्य से इंटर कॉलेजों के पुस्तकालयों को उपयोगी पुस्तकों से समृद्ध किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विकासखंड प्रतापनगर के सभी इंटर कॉलेजों में पुस्तकालयों की स्थापना कराई थी, जिसका लाभ आज भी छात्र-छात्राओं को मिल रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने पुस्तकालय के लिए आलमारियां और पुस्तकें उपलब्ध कराने पर पूर्व प्रमुख प्रदीप रमोला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष गुड्डी देवी, पीटीए संघ अध्यक्ष उत्तम दास, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य खुशाल सिंह नेगी, पूर्व प्रधान लक्ष्मण सिंह नेगी, व्यायाम शिक्षक यशपाल सिंह रावत, उमेश रमोला, बलबीर सिंह नेगी, सुमेर सिंह नेगी, सरजीत नेगी, गुलाब सिंह नेगी, मोर सिंह नेगी, अर्जुन सिंह, शोबन सिंह, वंशीलाल, रविंद्र उनियाल, भागेश कंडियाल आदि मौजूद रहे।



