Ad image

दो माह से जिला अस्पताल में फिजिशियन नहीं, मरीज परेशान; राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

अल्मोड़ा, पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय में करीब दो माह से फिजिशियन चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। इससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय कुमार पांडे ने मामले को गंभीर जनहित का विषय बताते हुए राज्यपाल, मुख्य सचिव और महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को पत्र भेजकर अस्पताल में रिक्त दोनों फिजिशियन पदों पर तत्काल चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की है।

संजय पांडे के अनुसार, जिला चिकित्सालय में तैनात फिजिशियन डॉ. हरीश आर्य के स्थानांतरण के बाद अभी तक नए फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई है। करीब दो माह से विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव का सीधा असर मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।

डीएम और सीएमओ से भी कर चुके हैं मुलाकात

संजय पांडे ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की कमी और मरीजों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया था। अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने पर अब उन्होंने शासन स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने कहा कि फिजिशियन के अभाव में गंभीर और जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों, बुजुर्गों तथा दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। ऑपरेशन संबंधी कार्य भी प्रभावित होने की बात कही जा रही है। इसके चलते मरीजों को करीब छह किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

मेडिकल कॉलेज में भी मरीजों का दबाव

पांडे ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में भी वर्तमान में मात्र एक फिजिशियन प्रो. अशोक कुमार के कार्यरत होने से मरीजों का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की व्यवस्था नहीं होना पर्वतीय क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।

राजनीतिक दलों की चुप्पी पर उठाए सवाल

संजय पांडे ने जिला अस्पताल में फिजिशियन की कमी के मुद्दे पर राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब चौखुटिया प्रकरण सामने आया था तो विपक्षी दलों ने मुखर होकर आवाज उठाई थी, लेकिन जिला मुख्यालय के प्रमुख अस्पताल में करीब दो माह से फिजिशियन न होने जैसे गंभीर जनहित के मामले में राजनीतिक दलों की खामोशी समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि जब जिला मुख्यालय के अस्पताल में ही आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं तो पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर शासन और राजनीतिक नेतृत्व की प्राथमिकता क्या है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी दर्ज कराई शिकायत

पांडे ने बताया कि इस मामले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने शासन से मांग की है कि जिला चिकित्सालय में रिक्त दोनों फिजिशियन पदों पर तत्काल स्थायी नियुक्ति की जाए। नियमित नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत फिजिशियन की तैनाती की जाए और ऑपरेशन समेत प्रभावित चिकित्सा सेवाओं को भी जल्द सुचारु कराया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment