Ad image

मेला प्रशासन ने व्यापारियों संग किया संवाद, विकास कार्यों पर खत्म हुआ संशय

Sarthak Prayash Admin
2 Min Read

हरिद्वार कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों को लेकर स्थानीय व्यापारियों की आशंकाएं संवाद के बाद दूर हो गई हैं। सोमवार को मेला प्रशासन की टीम ने शंकर आश्रम चौक और पुराना रानीपुर मोड़-परशुराम चौक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों को विकास योजनाओं के ब्लू प्रिंट व डिजाइन दिखाकर पूरी स्थिति स्पष्ट की।

मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चौराहों के सुधार, फुटपाथ और सड़क सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। व्यापारियों ने पूर्व में निर्माण कार्यों के दौरान आवागमन और पार्किंग की असुविधा को लेकर चिंता जताई थी।

स्थानीय सहूलियत का रखा जाएगा पूरा ध्यान

अपर मेलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि निर्माण के दौरान व्यापारिक गतिविधियों, स्थानीय यातायात और पार्किंग की व्यावहारिक जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा, “ये निर्माण कार्य इस तरह तैयार किए जा रहे हैं कि कुंभ के बाद भी स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को लंबे समय तक इनका लाभ मिलता रहे। हर की पैड़ी से मुख्य बाजारों तक पैदल यात्रियों के लिए सुगम रास्ते और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है।”

व्यापारियों ने जताया संतोष, दिया सहयोग का भरोसा

ब्लू प्रिंट और डिजाइन देखने के बाद व्यापारियों ने योजनाओं को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने माना कि पूरी जानकारी न होने से कुछ भ्रांतियां थीं, जो अब दूर हो चुकी हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने मेला प्रशासन को विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

इस दौरान वार्ड 15 के पार्षद विवेक भूषण ‘विक्की’, पार्षद प्रतिनिधि गुलशन शर्मा, व्यापारी प्रतिनिधि सागर अरोड़ा, सुभाष जिंदल, राजेश कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार और पीआईयू के सहायक अभियंता सरीन कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment