Ad image

ग्राम पंचायत बड़कोट में शराबबंदी का ऐतिहासिक निर्णय

Sarthak Prayash Admin
3 Min Read

बड़कोट (जाखणीधार)। ग्राम पंचायत बड़कोट में शराबमुक्ति और सामाजिक सुधार को लेकर ग्रामीणों ने एक बड़ा और सामूहिक कदम उठाया है। ग्राम प्रधान छंछर सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित एक विशेष बैठक में पूरे गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का संकल्प लिया गया। नशे के दुष्प्रभावों से समाज और आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर ‘ग्राम समाज सुधार समिति’ का गठन भी किया है।

नियम तोड़ा तो लगेगा आर्थिक दंड ग्राम प्रधान छंछर सिंह बिष्ट ने स्पष्ट किया कि गांव में तय की गई शराबबंदी की व्यवस्था का पालन सभी ग्रामीणों को अनिवार्य रूप से करना होगा। यदि कोई भी व्यक्ति इस व्यवस्था का उल्लंघन करता है, तो ग्राम स्तर पर तय नियमों के अनुसार उसके खिलाफ आर्थिक दंड (जुर्माना) लगाने के साथ-साथ सामाजिक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।

‘शराब नहीं संस्कार’ मुहिम का संदेश बैठक में ‘शराब नहीं संस्कार’ मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि गांव का वास्तविक विकास तभी संभव है जब समाज स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त हो। बड़कोट के ग्रामीणों द्वारा उठाया गया यह कदम आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने की दिशा में एक मिसाल बनेगा।

कुरीतियों के खिलाफ चलेगा जनजागरूकता अभियान नवनिर्वाचित समिति की अध्यक्ष अंजली पंवार ने कहा कि समिति गांव में नशामुक्त विवाह, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाएगी। उपप्रधान दौलत सिंह ने भी समिति के गठन का स्वागत करते हुए ग्रामीणों से पूर्ण समर्थन का आह्वान किया।

समिति में इन्हें मिली जिम्मेदारी बैठक के दौरान ‘ग्राम समाज सुधार समिति’ की कार्यकारिणी की घोषणा की गई:

  • अध्यक्ष: अंजली पंवार

  • उपाध्यक्ष: मुन्नी देवी

  • सचिव: प्रीति पंवार

  • सह-सचिव: रेखा देवी

  • कोषाध्यक्ष: सुमन देवी

  • कार्यकारिणी सदस्य: दिनेश, सुमिता देवी, प्रिया देवी, सुमन देवी, सरस्वती देवी, गुड्डी देवी और सोनिका देवी।

कार्यक्रम के समापन पर ‘शराब नहीं संस्कार’ मुहिम के प्रतिनिधि जगदीश बडोनी एवं लक्ष्मी बहुगुणा ने उपस्थित सभी ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से बड़कोट को नशामुक्त और आदर्श गांव बनाने का संकल्प दोहराया।

Share This Article
Leave a Comment