देहरादून: मोती बाजार स्थित ऐतिहासिक श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में ‘छठी पर्व’ अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कढ़ी-चावल और हलवे का प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे के शुभारंभ से पूर्व भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार कर उन्हें कढ़ी-चावल और हलवे का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण शुरू हुआ। पूरे दिन मंदिर परिसर भगवान के भजनों और जयकारों से गुंजायमान रहा।
मातृशक्ति ने भजनों से साधा समां
कार्यक्रम के दौरान मंदिर में विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मातृशक्ति की ओर से अर्चना गुप्ता, सीमा गुप्ता, राजश्री, कंचन रस्तोगी, नूतन रस्तोगी, हेमंती गोदियाल, सुषमा और शकुंतला सहित कई महिलाओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
आपसी सौहार्द और सेवा भाव का संदेश
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से समाज में श्रद्धा, सेवा और आपसी भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है। भंडारे की व्यवस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराने में विश्वनाथ गुप्ता, दिनेश गुप्ता, ओमप्रकाश कोठारी, रमेश सक्सेना, विपिन जैन, राजेश भटनागर, विशाल भटनागर और मयूर भटनागर का विशेष योगदान रहा।



