देहरादून। नगर निगम के वार्ड-84 निवासी और क्षेत्र के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय भट्ट को सरकार ने नगर निगम देहरादून का नामित पार्षद मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की खबर से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विजय भट्ट भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं और केदारपुरम मंडल के पूर्व मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह पिछले करीब 10 वर्षों से वार्ड-84 में लगातार सक्रिय हैं। क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय लोग उनसे संपर्क करते हैं। विजय भट्ट भी जनसमस्याओं के निराकरण और समाजसेवा के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं।
नगर निगम चुनाव में वार्ड-84 से विजय भट्ट की दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी। हालांकि वार्ड के ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के कारण वह चुनाव नहीं लड़ सके। इसके बावजूद उन्होंने क्षेत्र से अपनी सक्रियता कम नहीं की और लगातार लोगों के बीच रहकर समस्याओं के समाधान के प्रयास करते रहे।

क्षेत्र में उनकी सक्रियता और जनता की मांग को देखते हुए सरकार ने उन्हें नगर निगम देहरादून में नामित पार्षद की जिम्मेदारी दी है। उनके मनोनयन के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वार्ड की समस्याओं का समाधान और तेजी से होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब वार्ड में निर्वाचित पार्षद के साथ नामित पार्षद के रूप में विजय भट्ट भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इससे विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निराकरण में गति आने की उम्मीद है। लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहना और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहना विजय भट्ट की जमीनी कार्यशैली को दर्शाता है।
इसके अलावा सरकार की ओर से नगर निगम देहरादून में 20 अन्य पार्षदों को भी नामित किया गया है।



