Ad image

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में ‘ए’ सर्टिफिकेट वितरण एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में एनएसएस और एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में ‘ए’ सर्टिफिकेट वितरण एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय साहसिक शिविर एवं राष्ट्रीय एकता शिविर में प्रतिभाग कर लौटने वाली एनएसएस स्वयंसेवी अश्मिता एवं निधि को सम्मानित किया गया। वहीं, एनसीसी कैडेट प्रिया और गुंजन को गणतंत्र दिवस परेड (RDC) में चयनित होने के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस और एनसीसी द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एनएसएस द्वारा आयोजित रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त स्वयंसेवियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसी प्रकार, एनसीसी द्वारा सत्र 2024 – 25 में सीनियर अंडर ऑफिसर शोभित एवं अंडर ऑफिसर साहिल तथा अमीषा नेगी के मार्गदर्शन में निबंध तथा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें विजेता रहे कैडेट्स को पुरस्कृत किया गया।।

इस समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. एन. खाली द्वारा महाविद्यालय के अन्य विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इसमें राष्ट्रीय खेलों (नेटबॉल) में रजत पदक विजेता वेदांत टाकुली, एम.ए. संस्कृत की गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया देवली और राज्य स्तरीय संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रज्ञा व शैलेश शामिल रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों को ‘ए’ सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन एन. एस. एस. वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चंद्रावती टम्टा एवं एनसीसी प्रभारी डॉ. नरेंद्र पंघाल ने किया।

इस अवसर पर डॉ. मदन लाल शर्मा एवं डॉ. भाल चंद्र नेगी ने छात्रों को प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्यों के प्रति संकल्पबद्ध रहने और 2047 के विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

प्राचार्य महोदय ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और सतत प्रयास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने और अपने कौशल को निखारते हुए उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुश्री हिना नौटियाल, प्राध्यापक डॉ. अखिलेश कुकरेती, डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. कविता पाठक, डॉ. इंद्रेश पांडे, डॉ.स्वाति सुंदरियाल, डॉ. पूनम, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. मृगांक मलासी, डॉ. शालिनी, डॉ. दिशा शर्मा व डॉ. सीमा पोखरियाल उपस्थित रहे l

Share This Article
Leave a Comment