अपराधउत्तराखंड

काठगोदाम में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में भर्ती

हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार शाम एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बेस अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-13 राजपुरा निवासी हेम आर्या गुरुवार (5 मार्च) को शाम करीब पांच बजे अपनी महिला मित्र को लेने काठगोदाम पहुंचा था। इसी दौरान काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक चाय कैफे के सामने महिला मित्र की एक सहेली अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि महिला की सहेली ने अपने साथियों के साथ मिलकर हेम आर्या पर चाकू से हमला करवा दिया।

हमले में हेम आर्या के पेट में दो जगह गहरे घाव हुए हैं, जबकि हाथ में भी चोट आई है। घायल युवक की महिला मित्र ने पुलिस को बताया कि हमलावर कार, बाइक और ऑटो रिक्शा से मौके पर पहुंचे थे। घटना के दौरान हेम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी महिला मित्र मौके पर ही बेहोश हो गई।

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोग घायल युवक की मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाते रहे। इसी बीच हेम के दोस्त विवेक कश्यप और जितेंद्र कश्यप उसे तुरंत बाइक से बेस अस्पताल हल्द्वानी लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार हमलावरों में शामिल दो आरोपितों को घायल युवक के दोस्तों ने कार में बैठाकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंचाया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं पीड़ित की मां बच्ची देवी ने थाना काठगोदाम में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इधर, काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं मिली है। पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

बेस अस्पताल में हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप

घटना के बाद बेस अस्पताल हल्द्वानी में भी देर शाम हंगामे की स्थिति बन गई। घायल युवक के दोस्तों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर अस्पताल के गेट तक ले आए और विरोध जताया।

दोस्तों का कहना था कि हेम का सही तरीके से इलाज नहीं किया जा रहा है और उसे तुरंत रेफर किया जाना चाहिए। वहीं अस्पताल में मौजूद एक चिकित्सक ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है और उसे रेफर करने की प्रक्रिया के कागज तैयार किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button