लंबगांव। विकासखंड प्रतापनगर क्षेत्र में आयोजित संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सिलवालगांव और ओनालगांव संकुल की प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेलों और दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
इंटर कॉलेज मांजफ में आयोजित संकुल सिलवालगांव की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। साथ ही आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारा भी बढ़ता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में खेलों के प्रति रुचि पैदा करने और उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
सिलवालगांव संकुल में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल भेलुंता विजेता रहा। खो-खो के बालक वर्ग में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खेत तथा बालिका वर्ग में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भेलुंता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सुहाना प्रथम और अनुकृति द्वितीय रहीं। 100 मीटर में प्रियांशी प्रथम और सुहानी द्वितीय, 200 मीटर में प्रियांशी प्रथम और सुहानी द्वितीय तथा 400 मीटर में मोनिका प्रथम और सुहानी द्वितीय रहीं।
जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बंदना प्रथम और रितु द्वितीय, 200 मीटर में अवनी प्रथम और प्रियांशी द्वितीय, 400 मीटर में कल्पना प्रथम और राधिका द्वितीय तथा 600 मीटर में शीतल प्रथम और राधिका द्वितीय रहीं।
जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सिद्धार्थ प्रथम और अमित द्वितीय, 200 मीटर में सुशील प्रथम और कुश द्वितीय, 400 मीटर में कुश प्रथम और अमित द्वितीय तथा 600 मीटर में रोहित प्रथम और अतुल द्वितीय रहे।
ओनालगांव संकुल में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
गौरव शिक्षा निकेतन कंडियालगांव में आयोजित संकुल ओनालगांव की प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में अरविंद प्रथम और अजीत द्वितीय रहे। 100 मीटर में हरीश प्रथम और प्रियांशु द्वितीय रहे। 200 और 400 मीटर दौड़ में अनुराग प्रथम तथा अरविंद द्वितीय रहे।
बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में अनिच्छा प्रथम और मानसी द्वितीय, 100 मीटर में मानसी प्रथम और अनिच्छा द्वितीय तथा 200 मीटर में मीना प्रथम और खुशी द्वितीय रहीं। लंबी कूद के बालक वर्ग में अनुराग प्रथम और ऋतिक द्वितीय तथा बालिका वर्ग में अनिच्छा प्रथम और भूमिका द्वितीय रहीं।
कबड्डी के बालक वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रैका ने प्रथम तथा गौरव शिक्षा निकेतन कंडियालगांव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में गौरव शिक्षा निकेतन कंडियालगांव विजेता और राजकीय प्राथमिक विद्यालय रैका उपविजेता रहा।
रौणिया संकुल में एमडीएस का दबदबा
देवल में आयोजित रौणिया संकुल की खेलकूद प्रतियोगिताओं में महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल (एमडीएस) के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। खो-खो, कबड्डी, योग और विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन डबल और जूनियर एकल बालक वर्ग में भी एमडीएस के खिलाड़ियों ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी पंवार, विजय देवी, प्रधान देवेंद्र कंडियाल, जीएसएन के प्रबंधक गुलाब सिंह पंवार और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य धीरेंद्र महर ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य केएस रावत, ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक मनोज खंडवाल, संकुल समन्वयक महेश बहुगुणा, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष युद्धबीर राणा, गोविंद मिश्रवाण, विजय कृष्ण आर्य, पीडी आर्य, बीरबल कुमांई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



