लंबगांव। महर्षि दयानंद सरस्वती पब्लिक स्कूल लंबगांव में आयोजित ज्ञान ज्योति पुस्तक वितरण कार्यक्रम में प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने विद्यालय के पुस्तकालय के लिए विभिन्न विषयों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें भेंट कीं। इस दौरान उन्होंने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
प्रदीप रमोला ने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का भंडार नहीं हैं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम भी हैं। जिस बच्चे को पुस्तकों से प्रेम और लगाव होता है, वह जीवन में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने और उनसे अपने सपनों को नई उड़ान देने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यालय को सामान्य ज्ञान, रोचक कहानियां, जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, उत्तराखंड वाणी, टिहरी का इतिहास, भूगोल, विज्ञान, गणित सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकें भेंट कीं। रमोला ने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रतापनगर क्षेत्र के इंटर कॉलेजों और विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय स्थापित कराने की दिशा में कार्य किया। इसका उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना था। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में आगे भी हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
विद्यालय के प्रबंधक युद्धवीर राणा ने प्रदीप रमोला को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में रमोला की ओर से किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण असवाल, पीटीए अध्यक्ष देव सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार, पूर्व प्रधान संगठन अध्यक्ष लोकपाल कंडियाल, पूर्व सैनिक सूबेदार दिनेश राणा, चतर सिंह बर्तवाल, भगवान सिंह असवाल, मदन सिंह कैंतुरा, राजेंद्र सेमवाल, कुलदीप सिंह, करिश्मा रावत, कल्पना बिष्ट, धर्मेंद्र नौटियाल, कृष्णा बिष्ट, सज्जन कुमार, दीपक चंद, आंचल राणा, शीतल रावत, मोनिका, पूजा, भावना कलूड़ा, श्वेता रावत, आशा देवी और कंचन लता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



