यूट्यूबर अनुराग डोभाल का भावुक वीडियो वायरल

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

उत्तराखंड के डोईवाला निवासी और मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह मानसिक तनाव से जूझते हुए नजर आ रहे हैं और अपने परिवार से जुड़े कई गंभीर आरोप भी लगाते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में अनुराग डोभाल ने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक दबाव में हैं और शायद यह उनका आखिरी वीडियो हो सकता है। उन्होंने बताया कि यदि उन्हें कुछ हो जाता है तो इसके लिए उनके माता-पिता और भाई जिम्मेदार होंगे। उनके इस बयान के बाद उनके फैंस काफी चिंतित नजर आ रहे हैं और सोशल मीडिया पर लोग उनके लिए चिंता जाहिर कर रहे हैं।

अनुराग डोभाल ने अपने जीवन के संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह 14 साल के थे, तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर होने का पता चला था। यह उनके जीवन का बेहद कठिन दौर था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने माता-पिता के लिए कुछ करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियां उठाईं और सबके लिए हर संभव कोशिश की, लेकिन आज उन्हें अपने ही परिवार से धोखा मिला है।

वीडियो में अनुराग ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी रितिका भी उन्हें छोड़कर चली गई हैं। रितिका से उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और वह उनकी फैन थीं। दोनों ने करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी करने का फैसला किया। हालांकि अनुराग का कहना है कि उनके परिवार वाले इंटरकास्ट मैरिज के खिलाफ थे और शादी से छह दिन पहले ही उन्होंने समारोह में आने से मना कर दिया।

रोते हुए अनुराग डोभाल ने वीडियो में कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया है और वह लंबे समय से मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। फिलहाल उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और उनके फैंस उनके लिए चिंता जता रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment