थारी-कंदला में रंजिश में फायरिंग, इलाके में दहशत

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के पीरूमदरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत थारी-कंदला में रविवार सुबह फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि गांजा तस्करी के मामले में हुई गिरफ्तारी को लेकर रंजिश में पड़ोसी ने साथियों के साथ मिलकर दो घरों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना के समय घरों में मौजूद बच्चे और महिलाएं जान बचाने के लिए पड़ोस में छिप गए।

घटना सुबह करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। बाद में फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

पीड़ित गुरमीत सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले गांव के एक युवक को 8–9 किलो गांजे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जो उनके पड़ोसी अर्जुन सिंह का रिश्तेदार है। गिरफ्तारी के बाद से अर्जुन सिंह उन्हें शक की नजर से देख रहा था और रंजिश रखे हुए था। गुरमीत के मुताबिक, रविवार सुबह क्रेशर के पास उनके ट्रैक्टर चालक से अभद्रता की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद वे घर लौट आए, लेकिन थोड़ी देर बाद अर्जुन सिंह अपने 4–5 साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी।

गुरमीत सिंह की पड़ोसन सुखविंदर कौर ने भी फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलियां उनके घर की ओर भी चलाई गईं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को कमरे में बंद कर किसी तरह जान बचाई। उनका आरोप है कि हमलावर गांजा बेचने का काम करते हैं और गिरफ्तारी के बाद से गांव के लोगों को धमका रहे थे।

मामले में सीओ रामनगर सुमित पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पीरूमदरा चौकी और रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा तस्करी के मामले में हुई गिरफ्तारी को लेकर गलतफहमी और रंजिश के चलते डराने-धमकाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एक युवक रोहित गुर्जर का नाम प्रकाश में आया है, जिसकी आपराधिक हिस्ट्री खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment