Ad image

पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने किया गाजणा क्षेत्र का भ्रमण

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने शनिवार को जनसंपर्क एवं भ्रमण कार्यक्रम के तहत गाजणा क्षेत्र के ठाण्डी, कमद, कुमारकोट, सौड़, लोदाड़ा, धोन्त्री एवं गोरषाड़ा गांवों का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परिवारों में हुई असमयिक घटनाओं पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की तथा उनके सुख-दुःख में सहभागी बनकर अपनी संवेदनाएं प्रकट की।

भ्रमण के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद स्थापित कर गाजणा क्षेत्र से जुड़े जनसरोकारों, स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों तथा समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता से निरंतर संवाद ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

श्री सजवाण ने कहा कि गाजणा क्षेत्र सदैव उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां उपतहसील की स्थापना कराई, जिसका लाभ आज भी हजारों लोग प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त जलकुर नदी से काश्तकारी भूमि के हो रहे कटाव को रोकने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य कराए गए। उन्होंने बताया कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़कों, पुलों, विद्यालय भवनों तथा आईटीआई की स्थापना जैसे अनेक विकास कार्यों के माध्यम से गाजणा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र की प्रत्येक जनसमस्या के समाधान एवं जनहित के मुद्दों पर वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ खडे रहेंगे।

पूर्व विधायक ने भ्रमण के दौरान मिले अपार स्नेह, आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए समस्त क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं सहयोगियों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि राय सिंह रावत, ज्येष्ठ प्रमुख डुंडा के प्रतिनिधि अब्बल सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य बड़ाहाट प्रतिनिधि अनिल रावत, नाल्डकठूड़ से जिला पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र राणा (राजू), ग्राम प्रधान कमद भरत चौहान, सीरी प्रधान तेजपाल सिंह राणा, बढ़ेथ प्रधान आशुतोष बिष्ट, पीएम जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नितिन नौटियाल, नागचंद राणा, दिनेश राणा, चन्द्रप्रकाश, पूर्व प्रधान केदार सिंह, बद्री सिंह पंवार सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment