विकासनगर। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। अब ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें न कोई ओटीपी आया, न कॉल और न ही कोई संदिग्ध मैसेज, लेकिन पीड़ित के बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से 8.33 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेलाकुई निवासी असरफ अली पुत्र मुर्सलीम ने थाना सेलाकुई में तहरीर देकर बताया कि 21 जुलाई को उनके बैंक खाते से 6,99,997 रुपये निकाल लिए गए। इसी दिन उनके क्रेडिट कार्ड से भी 87 हजार रुपये की निकासी हुई। हैरानी की बात यह रही कि इन लेन-देन के दौरान उन्हें न कोई ओटीपी प्राप्त हुआ और न ही किसी प्रकार की कॉल या अलर्ट मिला।
पीड़ित ने बताया कि 27 जुलाई को उनके दूसरे बैंक खाते से भी 46,950 रुपये निकाल लिए गए। इस बार भी न तो ओटीपी आया और न ही कोई कॉल। खाते से राशि कटने का संदेश मिलने के बाद उन्हें ठगी का पता चला।
थानाध्यक्ष लोकपाल परमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साइबर विशेषज्ञों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



