Ad image

बहुराष्ट्रीय कंपनी एकोम के सहयोग से स्टॉप टीयर्स ने दून मेडिकल कॉलेज को ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप उपलब्ध कराया

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

देहरादून । बहुराष्ट्रीय कंपनी एकोम (AECOM) के सहयोग से स्टॉप टीयर्स सामाजिक संस्था ने दून मेडिकल कॉलेज (दून अस्पताल) को ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप उपलब्ध कराया है। जिससे अब दून अस्पताल में आंखों की सर्जरी आसानी से हो पाएगी। इसका लाभ गढ़वाल मंडल के साथ ही देहरादून से लगे उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के आंखों के मरीजों को भी मिलेगा। ऐसे में अब इन मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज नहीं कराना पड़ेगा, क्योंकि अब यह सुविधा उन्हें बेहद मामूली दर पर दून अस्पताल में मिलेगी। दरअसल, समाजसेवी संस्था स्टॉप टीयर्स की ओर से पिछले कई सालों से उत्तराखंड के विकास के मद्देनजर स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, रोज़गार, जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बहुराष्ट्रीय कंपनी एकोम (AECOM) के सीएसआर फंड के सहयोग स्टॉप टीयर्स सामाजिक संस्था के संस्थापक प्रमोद बमराड़ा और उनके सहयोगियों ने दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून को ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप उपलब्ध कराया है। इसकी मदद से अब यहां मरीजों के आंखों की रेटीना संबंधित सर्जरी आसानी से हो पाएगी। ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप के अभाव में इस प्रकार के मरीजों को वर्तमान में यहां से निजी अस्पताल रेफर करने पड़ रहे थे, लेकिन अब मशीन उपलब्ध हो जाने पर ऐसी नौबत नहीं आएगी। बाजार में नए ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप की कीमत करीब 25 लाख है। आपको बता दें कि दून अस्पताल यानि कि दून मेडिकल कॉलेज में गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों के अलावा उत्तराखंड से सटे उत्तर प्रदेश के कई शहरों से भी लोग इलाज के लिए आते हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेज होने के कारण यहां इलाज और चेकअप में काफी रियायत है। गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों के लिए यह मेडिकल कॉलेज (अस्पताल) किसी वरदान से कम नहीं है।

ऐसे में बहुराष्ट्रीय कंपनी एकोम और स्टॉप टीयर्स सामाजिक संस्था ने सीधे तौर पर यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों की मदद की है। मंगलवार को दून मेडिकल कॉलेज में माइक्रोस्कोप मशीन पहुंच चुकी है, आज स्टॉप टीयर्स टीम ने डॉक्टर यूसुफ रिज़वी, डॉ नीरज श्रीवास्तव और डॉ सुशील ओझा जी से मुलाकात की । इसके बाद अब ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप की मदद से नेत्र रोगियों का इलाज शूरू हो जाएगा। आपको बता दें कि दून मेडिकल कॉलेज के नेत्र विज्ञान के सीनियर नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील ओझा ने स्टॉप टीयर्स सामाजिक संस्था के संस्थापक प्रमोद बमराड़ा को पत्र लिखकर माइक्रोस्कोप मशीन उपलब्ध कराने को पत्र भेजा था। इसके बाद प्रमोद बमराड़ा ने बहुराष्ट्रीय कंपनी एकोम से संपर्क किया था। इसके बाद कंपनी ने अपने सीएसआर फंड से यह अत्याधुनिक मशीन उपलब्ध कराई। आपको बता दें कि हाल ही में स्टॉप टीयर्स ने एकोम की सहायता से नैनीताल के जिला अस्पताल को भी चिकित्सा उपकरण व मशीने दी गई हैं। साथ ही उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद स्थित गुप्तकाशी, उखीमठ, फाटा, अगस्त्यमुनि, जखोली और रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में, पौड़ी गढ़वाल जनपद के बेस अस्पताल श्रीनगर,आदि में स्वास्थ्य उपकरण और मशीने उपलब्ध करवा चुके हैं।

इस दौरान स्टॉप टीयर्स सामाजिक संस्था के संस्थापक प्रमोद बमराडा, सुधीर बमराडा, सौम्या पंत, कुलदीप सिंह रावत आदि शामिल रहे।

Share This Article
Leave a Comment