
नई टिहरी: टिहरी झील महोत्सव-2026 के तहत आयोजित जनरल के.एम. करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को भव्य मार्च पास्ट के साथ आगाज हो गया। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 16 टीमों के खिलाड़ियों ने पडियार हाउस (नियर डाइजर) से बौराड़ी स्टेडियम तक मार्च पास्ट निकाला। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मार्च पास्ट को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत भी मौजूद रहे।
बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय/राज्य स्तरीय इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें मैदान में उतर रही हैं। इनमें ओल्ड स्टार टिहरी, टिहरी यंग, नॉर्थ कमांड, आईआईएमटी मेरठ, 13 गढ़वाल राइफल, 16 गढ़वाल राइफल, पिथौरागढ़ एफसी, हरियाणा सिटी एफसी, आरआरएफसी रुद्रप्रयाग, नोएडा एफसी, दून वारियर्स एफसी, यंग स्टार देहरादून, कोटद्वार एफसी, दिल्ली पुलिस, गढ़वाल हीरोज दिल्ली और सम्राट स्पोर्ट्स की टीमें शामिल हैं।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत वर्ष 1951 में पुरानी टिहरी से हुई थी। अब इस प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष नई टिहरी में भी किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से टिहरी के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने और यहां की यादगार स्मृतियां अपने साथ ले जाने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत ने कहा कि टिहरी के पर्यटन और पहचान को आगे बढ़ाने में सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से टिहरी झील और जिले के अन्य दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी टीमों के खिलाड़ी और टीम प्रबंधक मौजूद रहे।





