Ad image

श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का घेराव कर ॐ छात्र संगठन ने की तालाबंदी, परीक्षा परिणामों की गड़बड़ियों को लेकर जोरदार प्रदर्शन

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा एवं परिणाम व्यवस्था में लंबे समय से चली आ रही विभिन्न गंभीर समस्याओं के विरोध में ॐ छात्र संगठन द्वारा विश्वविद्यालय का घेराव कर तालाबंदी की गई।
रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी सहित विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर संगठन के छात्र नेता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी विश्वविद्यालय पहुंचे।

छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर जमीन पर बैठकर धरना दिया और परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा परिणाम एवं मूल्यांकन व्यवस्था में व्याप्त विभिन्न गंभीर खामियों को प्रमुखता से उठाया। छात्रों का कहना था कि इन समस्याओं के कारण हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।

इन प्रमुख समस्याओं को लेकर हुआ प्रदर्शन

– परीक्षा परिणाम समय पर जारी नहीं होना।
– परिणाम में लगातार त्रुटियां सामने आना।
– परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद विद्यार्थियों को Absent दर्शाया जाना।
– मूल्यांकन एवं अंक निर्धारण में गड़बड़ी की शिकायतें।
– अंकतालिकाओं में गलतियां एवं विसंगतियां।
– ऑनलाइन रिजल्ट में पहले Pass और बाद में Fail प्रदर्शित होना।
– SAMARTH Portal से संबंधित तकनीकी समस्याएं।
– रिजल्ट एवं ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी खामियों के कारण विद्यार्थियों को परेशानी।
– माइनर विषयों में लगातार अनुत्तीर्ण होने की शिकायतें।
– परिणामों में त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों का अन्य संस्थानों में समय पर प्रवेश न ले पाना।
– रिजल्ट संबंधी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष एवं करियर प्रभावित होना।
– परिणाम एवं परीक्षा संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने पड़ना।

छात्रों का कहना था कि यह समस्या केवल उत्तरकाशी के महाविद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध प्रदेशभर के विभिन्न महाविद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा, मूल्यांकन, परिणाम, Absent एवं SAMARTH Portal जैसी समस्याओं से परेशान हैं।

काफी देर तक चली नारेबाजी के बाद परीक्षा नियंत्रक के आग्रह पर छात्र बैठकर वार्ता के लिए तैयार हुए। वार्ता के दौरान छात्रों ने सभी समस्याओं को विस्तार से परीक्षा नियंत्रक के समक्ष रखा। वार्ता में कुछ समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि अन्य समस्याओं पर कार्यवाही शुरू करने का आश्वासन दिया गया।

मौके पर ॐ छात्र संगठन के संस्थापक अमरीकन पुरी स्वयं छात्रों की आवाज उठाने एवं उनका हौसला बढ़ाने पहुंचे। प्रदर्शन में छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट, संजीता राणा, संध्या नेगी, रितेष, मुकेश चौहान, राजा चौहान, मनीष राणा, ऋषभ शाह, संजय कोहली सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा उग्र

ॐ छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की शेष समस्याओं पर शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो अगली बार आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

संगठन ने कहा कि अगली बार बसों को भर-भरकर सैकड़ों छात्र विश्वविद्यालय घेराव के लिए कूच करेंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन जैसे कठोर आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।

ॐ छात्र संगठन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अब किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। छात्र हित में संघर्ष जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment