Ad image

‘शराब नहीं, संस्कार दो’ का संदेश लेकर स्कूलों में पहुंचे श्रीदेवी सिंह पंवार

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

थौलधार/टिहरी गढ़वाल। शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में नशामुक्त भारत अभियान के तहत विकासखंड थौलधार के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में नशामुक्त भारत अभियान के प्रमुख श्रीदेवी सिंह पंवार ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और अपनी संस्कृति व संस्कारों से जुड़ने का आह्वान किया।

कंडी-शोड विद्यालय में प्रधानाचार्य मदन सिंह पंवार, राजकिशोर, धर्मेंद्र पंवार, जगदीश सहित शिक्षक मौजूद रहे। वहीं भागीरथी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य जयेंद्र भंडारी तथा बांडा पीएम श्री इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य बिजेंद्र भंडारी समेत शिक्षक उपस्थित रहे। बांडा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश बधानी, दर्शन लाल नौटियाल, दीपक देवशाली, मंजू, दिव्या सिंह, अनिल जोशी, प्रदीप सकलानी और नागेंद्र सिंह आदि ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान गायत्री शक्तिपीठ टिहरी के व्यवस्थापक बीपी बधानी ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ‘शराब नहीं, संस्कार दो’ की शपथ दिलाई। श्रीदेवी सिंह पंवार ने छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड के इतिहास, देवी-देवताओं, लोक संस्कृति और यहां पाई जाने वाली जड़ी-बूटियों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाने के साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए शांतिकुंज हरिद्वार से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशा आज समाज और परिवारों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। युवाओं को इससे दूर रखकर ही स्वस्थ और संस्कारवान समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश और पारिवारिक रिश्तों में आ रहे बदलावों पर भी चिंता व्यक्त की।

कार्यक्रम में विद्यालयों के गुरुजनों ने श्रीदेवी सिंह पंवार और बीपी बधानी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा शांतिकुंज हरिद्वार से जुड़कर अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

श्रीदेवी सिंह पंवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन और मिले सम्मान के लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment