देहरादून। शहर के साहित्य प्रेमियों के लिए शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 की शाम खास रहने वाली है। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में सायं 4:30 बजे वरिष्ठ लेखक देवेन्द्र मेवाड़ी की चर्चित पुस्तक ‘यायावर की यादें’ पर एक साहित्यिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जितेन ठाकुर, नवीन नैथानी और राजेश सकलानी पुस्तक पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम की खास बात यह रहेगी कि लेखक देवेन्द्र मेवाड़ी स्वयं भी उपस्थित रहेंगे और श्रोताओं के सवालों का जवाब देंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम संवाद और साहित्यिक विमर्श का एक बेहतर मंच साबित होगा, जहां पाठकों को लेखक से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
साहित्यिक चर्चा के साथ ही इस सुहानी शाम में चाय पर अनौपचारिक बातचीत का भी आयोजन रखा गया है, जिससे माहौल और भी आत्मीय बन सके।
आयोजकों ने शहर के सभी साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।



