
देहरादून। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज प्रदेशभर में ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। उत्तराखंड शासन ने शनिवार रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए इस अभियान में शामिल होने का निर्णय लिया है।
इस दौरान प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे सभी गैर-जरूरी लाइटें और विद्युत उपकरण बंद रखें। सरकार का मानना है कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं और ऊर्जा संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यह अभियान वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) नई दिल्ली की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है।
सरकार और संबंधित संस्थाओं ने लोगों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि सामूहिक प्रयास से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से फैलाया जा सके।



