Ad image

चमोली में दर्दनाक हादसा: अस्पताल की क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी की मौत

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

चमोली। जिले के नारायणबगड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बीते 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान बहकर आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। तभी पहले से कमजोर और खोखली हो चुकी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर पड़ी, जिससे वे मलबे के नीचे दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी, स्थानीय व्यापारी और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए क्षतिग्रस्त दीवार की समय रहते मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित न किए जाने पर सवाल उठाए हैं। वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment