Ad image

विश्व पृथ्वी दिवस पर खाराखेत में वृक्षारोपण, नमक सत्याग्रह के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। विश्व पृथ्वी दिवस और नमक सत्याग्रह आंदोलन की 96वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने ऐतिहासिक खाराखेत नमक सत्याग्रह स्थल पर पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता रैली निकाली गई और वृक्षारोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया गया।

उत्तराखंड मैती आंदोलन, संयुक्त नागरिक संगठन, पहाड़ी पैडलर्स, जागरूक नागरिक सेवा मंच, महावीर सेवा समिति, सनातन धर्म मंदिर समिति, सीनियर सिटीजन सोसाइटी, सिटीजन फॉर ग्रीन एंड क्लीन एंबिएंस तथा झाझरा रेंज वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों ने देहरादून से खाराखेत स्मारक तक रैली निकाली। वहां वृक्षारोपण के साथ नमक सत्याग्रह आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम के बाद खाराखेत से एक कलश में जल भरकर गांधी पार्क लाया गया, जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप अर्पित किया गया। इसके उपरांत आयोजित संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल (सेवानिवृत्त) बी.एम. थापा ने की, जबकि संचालन संयुक्त नागरिक संगठन के सचिव सुशील कुमार त्यागी ने किया।

संवाद में वक्ताओं ने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, प्लास्टिक कचरे, अंधाधुंध पेड़ों की कटाई, बढ़ती गर्मी और भूजल स्तर में गिरावट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहरीकरण के कारण हरित क्षेत्र लगातार घट रहे हैं, जिससे भविष्य में गंभीर पर्यावरणीय संकट उत्पन्न हो सकते हैं। वक्ताओं ने लोगों से प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

सामाजिक संगठनों ने सरकार से मांग की कि नगर निगम, अन्य नगर निकायों, वन एवं राजस्व विभाग की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर वहां सार्वजनिक पार्क विकसित किए जाएं। साथ ही सड़कों, नदियों और बड़े नालों के किनारे व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण की प्रभावी योजना तैयार कर उसे लागू किया जाए।

कार्यक्रम में कर्नल (सेवानिवृत्त) बी.एम. थापा, सुशील कुमार त्यागी, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, अर्जुन कोहली, मोहन सिंह खत्री, डॉ. स्वामी एस. चंद्रा, गजेंद्र सिंह रमोला, रेहान सिद्दीकी, नरेश चंद्र कुलाश्री, तारा चंद गुप्ता, डॉ. राकेश डंगवाल, राजेश भाटिया, अवधेश शर्मा, जी.पी. मल्होत्रा, रवि सिंह नेगी, जी.एल. पाहवा, सुदर्शन सिंह नेगी, नीरज उनियाल, गजपाल सिंह रावत, नितिन गोयल, दीपांशु पालीवाल, विनोद रमोला और जी.एन. मनोड़ी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment