Ad image

दीपिका के परिवार की मदद को आगे आए पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, दी 50 हजार रुपये की सहायता

Ramesh Kuriyal
2 Min Read
Screenshot

उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव पहुंचकर दीपिका के परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार की स्थिति पर चिंता जताते हुए समाज के सक्षम लोगों और स्वयंसेवी संस्थाओं से भी सहयोग के लिए आगे आने की अपील की।

पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने विगत दिवस गोरसाड़ा गांव में दीपिका और उसके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार की समस्याओं को सुना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने तत्काल राहत के रूप में परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी।

सजवाण ने कहा कि दीपिका के पिता इंद्रमणि नौटियाल पिछले करीब आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। इसके कारण परिवार लंबे समय से आर्थिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में समाज का दायित्व केवल संवेदना प्रकट करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जरूरतमंद परिवार के साथ खड़े होकर सहयोग करना भी सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि वह इस मामले में परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और आगे भी हरसंभव सहयोग के प्रयास जारी रखेंगे। साथ ही उन्होंने अपने सामाजिक एवं राजनीतिक सहयोगियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सक्षम नागरिकों से परिवार की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक ने विश्वास जताया कि समाज के सामूहिक सहयोग से दीपिका के परिवार को संबल मिलेगा और वे इस कठिन दौर से उबर सकेंगे।

Share This Article
Leave a Comment