देहरादून। उत्तर भारत के साथ ही उत्तराखंड में भी गर्मी का असर तेज हो गया है। पहाड़ से मैदान तक चटख धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और दिनभर की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेशभर में अगले दो दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। खासकर मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, गुरुवार से पर्वतीय जिलों में आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।
सोमवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से तेज धूप खिली रही। इसके चलते अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है। रुड़की, काशीपुर, रुद्रपुर, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और कोटद्वार जैसे क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। पंतनगर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक पहुंच गया है, जिससे वहां भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
देहरादून: अधिकतम 37.0, न्यूनतम 20.2
ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 39.0, न्यूनतम 15.5
मुक्तेश्वर: अधिकतम 28.1, न्यूनतम 12.4
नई टिहरी: अधिकतम 26.6, न्यूनतम 13.6



