देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र स्थित एक शैक्षिक संस्थान के बाहर जाम हटाने पहुंची पुलिस और एक युवक के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ गया है। युवक की पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक उपनिरीक्षक (एसआई) और एक एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को प्रस्तावित एक कार्यक्रम को लेकर संस्थान के बाहर छात्रों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। पुलिस द्वारा कार्यक्रम की अनुमति न दिए जाने के बावजूद शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र संस्थान गेट पर इकट्ठा हो गए, जिससे क्षेत्र में लंबा जाम लग गया।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रेमनगर थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां छात्रों और कुछ बाहरी युवकों द्वारा वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े किए गए थे। पुलिस ने सभी को वाहन हटाने के निर्देश दिए। अधिकांश लोगों ने वाहन हटा लिए, लेकिन एक युवक पुलिस से उलझ गया और बहस करने लगा।
पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माना। जब पुलिस उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर लाठी से पिटाई कर दी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने तत्काल एसपी सिटी को मौके पर भेजकर पूरी जानकारी ली।
प्राथमिक जांच के आधार पर एसआई जितेंद्र कुमार और एक एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों पर और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।



