देहरादून। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र गुरुवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में लॉन्च किया गया। इस अवसर पर गढ़वाली सिनेमा से जुड़े कलाकारों, साहित्यकारों और संस्कृति प्रेमियों ने फिल्म को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। फिल्म आगामी 27 नवंबर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आधुनिक दौर में फिल्में जनमानस तक अपनी बात पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। क्षेत्रीय भाषाओं में बनने वाली फिल्में न केवल भाषा के संरक्षण और विकास में अहम भूमिका निभाती हैं, बल्कि संबंधित क्षेत्र की कला, संस्कृति, लोकनृत्य, गीत-संगीत, वेशभूषा, पर्यटन और तीर्थाटन को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाती हैं।
उन्होंने गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में पहली बार फिल्म ‘ढोली’ को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखंड की लोककला, संस्कृति और क्षेत्रीय भाषा का सम्मान बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म के माध्यम से ढोल वादकों के महत्व, उनके संघर्ष, सामाजिक सम्मान और अधिकारों को लेकर समाज में नई चेतना जागृत होगी।
मुख्य अतिथि डॉ. केपी जोशी ने कहा कि ढोल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल एक वाद्ययंत्र नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक जीवन का केंद्र है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि समाज में ढोल और ढोल वादकों को वह सम्मान नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने इस पारंपरिक कला के संरक्षण के साथ ही ढोल वादकों को उचित पारिश्रमिक और सामाजिक सम्मान दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रेम हिन्डवाल ने कहा कि सामाजिक स्तर पर ढोल वादन की जिम्मेदारी निभाना चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने फिल्म के कलाकारों को ढोल वादन का प्रशिक्षण भी दिया। साथ ही फिल्म में नायक जमनदास के गुरु की भूमिका निभाई है।
दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के अध्यक्ष प्रो. बीके जोशी ने फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गढ़वाली सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। वहीं, कवि, संपादक एवं अभिनेता मदन डुकलान ने ‘ढोली’ को गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव करार दिया। इस दौरान डॉ. राकेश भट्ट, फिल्म के नायक मोहित घिल्डियाल और रमेश नौडियाल ने भी अपने अनुभव साझा किए।
43 साल के इतिहास में पहली बार मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
उल्लेखनीय है कि गढ़वाली भाषा की फीचर फिल्म ‘ढोली’ को प्रतिष्ठित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गढ़वाली सिनेमा के 43 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी फीचर फिल्म को यह सम्मान हासिल हुआ है। फिल्म के निर्माता सुनील नायक हैं, जबकि इसका निर्देशन हिंदी और मराठी फिल्मों के चर्चित निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने किया है। फिल्म का संगीत गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने तैयार किया है। इसकी कहानी और गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं।
टीज़र लॉन्च समारोह में फिल्म जगत से जुड़े सुनील बडोनी, आलोक मलासी, दिनेश बौड़ाई, रमेश रावत, भानु जोशी, सचिन रावत सहित साहित्यकार बीना बेंजवाल, रमाकांत बेंजवाल, चंद्रशेखर तिवारी, सुंदर सिंह बिष्ट, मोहन प्रसाद डिमरी, डीके पांडे और पंकज नैथानी मौजूद रहे।
फिल्म के कलाकारों में मोहित घिल्डियाल, जसपाल राणा, सोनिया नौडियाल गैरोला, रमेश नौडियाल, अतुल रावत, सुनील सिंह और तन्मय लोहानी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन सुनील सिंह और सोनिया गैरोला ने किया।



