ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में बृहस्पतिवार को पांचवें व्हाइट कोट समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एमबीबीएस वर्ष 2026 बैच के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने चिकित्सा पेशे की शपथ ली। समारोह में भावी चिकित्सकों को व्हाइट कोट की गरिमा, चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों और मरीजों के प्रति सेवाभाव एवं संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित समारोह में एम्स दिल्ली के निदेशक प्रो. निखिल टंडन और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए एम्स दिल्ली के निदेशक प्रो. निखिल टंडन ने कहा कि व्हाइट कोट महज एक पोशाक नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, समर्पण और जवाबदेही का प्रतीक है। डॉक्टर बनने के साथ ही विद्यार्थियों पर देश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और प्रत्येक मरीज के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी निभाने का दायित्व भी बढ़ जाता है। उन्होंने प्राचीन भारतीय चिकित्सा परंपरा और महर्षि चरक के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत कर उत्कृष्ट चिकित्सक बनने का आह्वान किया।
आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने विद्यार्थियों से भारतीय चिकित्सा ज्ञान और उसकी परंपराओं से प्रेरणा लेकर चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा पूरी करने के बाद विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने अनुसंधान बजट की जानकारी देते हुए चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं में शोध एवं अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि व्हाइट कोट समारोह मेडिकल विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, चिकित्सा अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता विकसित होती है।
इस दौरान डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने नवोदित चिकित्सकों को महर्षि चरक शपथ दिलाई।
एनुअल रिसर्च डे पर 51 शोधकर्ताओं और चिकित्सकों का सम्मान
व्हाइट कोट समारोह के साथ ही संस्थान में वार्षिक अनुसंधान दिवस (एनुअल रिसर्च डे) का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीन रिसर्च प्रो. संजीव कुमार मित्तल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्थान में किए गए विभिन्न अनुसंधान कार्यों और उपलब्धियों का ब्यौरा दिया।
कार्यक्रम में अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 37 फैकल्टी सदस्यों और 14 मेडिकल विद्यार्थियों सहित कुल 51 लोगों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा डॉ. नेहा सिंह और डॉ. राकेश को भी सम्मानित किया गया। शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी शोधकर्ताओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह को एम्स ऋषिकेश के अध्यक्ष प्रो. राज बहादुर, डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय और डीन रिसर्च प्रो. संजीव कुमार मित्तल ने भी संबोधित किया।
डॉ. वंदना धींगरा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. लतिका मोहन, प्रो. सोमप्रकाश वासु, प्रो. पंकज कंडवाल, प्रो. रविकांत, प्रो. उत्तम कुमार नाथ, डीडीए लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा सहित विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और मेडिकल विद्यार्थी मौजूद रहे।



